बन्दूक का लाइसेंस न बनने पर गिरा दी थी सरकार
स्योहारा से तीन बार विधायक रहे शौनाथ सिंह बिश्नोई की बोलती थी तूती इतिहास लाइसेंस नहीं बनाने पर गिरा दी। सरकार चौधरी चरण सिंह से नाराजगी पर 40 विधायक लेकर कांग्रेस में हुए थे शामिल कांग्रेस की सरकार में शौनाथ सिंह गन्ना विभाग के कैबिनेट मंत्री बने।
✍️ अशोक मधुप बिजनौर।
जिले की सियासी इतिहास के पन्ने जब भी पलटे जाएंगे, पूर्व विधायक शौनाथ सिंह बिश्नोई का नाम जरूर याद आएगा। स्योहारा सीट से तीन बार विधायक रहे शौनाथ सिंह ने सरकार महज इसलिए गिरा दी थी, क्योंकि उस समय के जिलाधिकारी ने उनके कहने से एक शस्त्र लाइसेंस नहीं बनाया था और तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी चरण सिंह ने उनके कहने के बावजूद डीएम का तबादला नहीं किया था। शौनाथ सिंह मूलत: स्योहारा क्षेत्र के गांव बुढ़ानपुर (सलेमपुर) के रहने वाले थे। बाद में हस्ताक्षर करना जरूर सीख गए थे। अपनी बात मनवाने के लिए अफसरों से भिड़ जाते थे। यही उनकी जीत का कारण भी बनता था। बात तब की है, जब चौधरी चरण सिंह ने कांग्रेस से अलग होकर भारतीय क्र ांति दल (बीकेडी) बनाई। शौनाथ सिंह नूरपुर (बाद में स्योहारा सीट बनी) से पहली बार 1967 में बीकेडी के टिकट पर विधायक बने। बीकेडी को 98 सीट मिली थीं। सूबे में बीकेडी के समर्थन से कांग्रेस की सरकार बनी और कांग्रेस के चंद्रभानु गुप्ता मुख्यमंत्री बने। फिर कांग्रेस का ही एक गुट विधायक लेकर अलग हो गया। इस दौरान अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग के दौरान चौधरी चरण सिंह ने भी कांग्रेस के नए गुट के साथ कांग्रेस के खिलाफ वोटिंग की। सरकार अल्पमत में आ गई। हालात ऐसे बने कि कांग्रेस को चौधरी चरण सिंह को मुख्यमंत्री और बीकेडी के साथ सरकार बनानी पड़ी। इसी दौरान शौनाथ सिंह बिश्नोई ने बिजनौर के तत्कालीन डीएम से एक व्यक्ति के लिए बंदूक का लाइसेंस बनवाने की सिफारिश की थी। सिफारिश नहीं मानी गई। शौनाथ सिंह ने चौधरी साहब से डीएम को हटाने के लिए कहा, लेकिन डीएम का तबादला नहीं हुआ। उधर, कांग्रेस के विरोध के कारण इंदिरा गांधी चौधरी चरण सिंह से नाराज चल रही थीं। आवास विकास कालोनी में रहने वाले स्व. शौनाथ सिंह के पुत्र बिजेंद्र सिंह के अनुसार इंदिरा गांधी लखनऊ आईं और उनके पिता से गेस्ट हाउस में बातचीत की। कांग्रेस को बहुमत की सरकार बनाने के लिए 25 विधायकों की जरूरत थी। शौनाथ सिंह कुछ ही दिन बाद बीकेडी के 40 विधायक लेकर दिल्ली पहुंचे और कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस ने चौधरी चरण सिंह के सामने इस्तीफा देने या फिर बहुमत सिद्ध करने का प्रस्ताव रखा। चौधरी साहब ने इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस की सरकार में शौनाथ सिंह गन्ना विभाग के कैबिनेट मंत्री बने। वह 1980 और 1985 में भी कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने। 16 जून 1991 को उनका निधन हो गया।
-----
स्वर्गीय शौनाथ सिंह बिश्नोई उर्फ चपिया, भूतपूर्व विधायक एवं मंत्री नूरपुर विधानसभा क्षेत्र बिजनौर, उत्तर प्रदेश से बिश्नोई समाज के सबसे पहले विधायक बने।
इनके चार पुत्र एवं दो पुत्रिया थी।
सबसे बड़े पुत्र स्वर्गीय मेघनाथ सिंह गन्ना प्रबंधक चीनी मिल मेरठ में थे , जिनकी 31 मार्च 2000 को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
उसके बाद वीरेंद्र सिंह जो वर्तमान में बिजनौर में रहते हैं
उसके बाद शेर सिंह जिनका विगत वर्ष देहांत हो गया, गांव में ही रहते थे ।
सबसे छोटे पुत्र राजपाल सिंह ,मुरादाबाद जिला न्यायालय में एडवोकेट है।
दोनों पुत्रिया विवाहित हैं बड़ी पुत्री मथुरा एवं छोटी पुत्री बिजनौर में रहती है।
- प्रखर विश्नोई
Comments
Post a Comment